मोतिहारी में कुख्यात नरेश पांडे के ठिकानों पर छापेमारी,16 लाख नकद व हथियार बरामद
पूर्वी चंपारण। जिले के कुख्यात अपराधी नरेश पांडे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।पुलिस ने एक साथ उसके कई ठिकानों पर छापेमारी की है।इस दौरान पुलिस ने करीब 16 लाख रुपये नकद, नेपाली मुद्रा, लोडेड देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, नोट गिनने की मशीन, सोने-चांदी के आभूषण और करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।हालांकि मुख्य आरोपित नरेश पांडे पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जबकि उसका सहयोगी उज्जवल कुमार गिरफ्तार कर लिया गया।
उक्त कारवाई की जानकारी देते पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि अपराधी नरेश पांडेय के ठिकानो से कोई बड़ी डील होने वाली है,लिहाजा छतौनी व अन्य थाना की पुलिस ने प्रशिक्षु डीएसपी के नेतृत्व में नरेश पांडे के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 16 लाख रुपये भारतीय नकद, नेपाली करेंसी, नोट गिनने की मशीन, एक लोडेड देसी पिस्टल (कट्टा), छह जिंदा कारतूस, शराब की बोतलें तथा सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बरामद नकदी और विदेशी मुद्रा किस काम के लिए रखे गये थे। तलाशी के दौरान दो दर्जन से अधिक जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस इन दस्तावेजों की जांच कर रही है कि संबंधित संपत्तियां किसके नाम हैं और क्या उन्हें अवैध कमाई से खरीदा गया है। जरूरत पड़ने पर आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की भी सहायता ली जाएगी।
पुलिस के अनुसार नरेश पांडे जिले का कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, मारपीट समेत करीब 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार उज्जवल कुमार से पुलिस पूछताछ कर रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि उससे नरेश पांडे के नेटवर्क, सहयोगियों और संभावित ठिकानों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी। वहीं फरार नरेश पांडे की गिरफ्तारी के लिए जिले के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है।

