विशेष लोक अदालत की सफलता को लेकर जिला सत्र न्यायाधीश ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
मोतिहारी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने विशेष लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए चार प्रचार रथ सहित एक स्थायी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
आगामी विशेष लोक अदालत दिनांक 18 जुलाई 2026 में नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 (चेक बाउंस मामलों) के अधिकाधिक निष्पादन एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से जागरूकता वाहन को जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभिषेक कुमार दास ने हरी झंडी दिखाई।
प्रचार रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर आम नागरिकों को विशेष लोक अदालत के लाभ, चेक बाउंस मामलों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निस्तारण तथा न्यायालय के बाहर समझौते के माध्यम से समय, धन एवं श्रम की बचत के संबंध में जागरूक करेंगा।
इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेंद्र प्रसाद, राजविजय सिंह, रमेश रंजन सिंह, अभिषेक आनंद एवं विद्या प्रसाद, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार नितिन त्रिपाठी, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पुनीत कुमार तिवारी, एसीजेएम श्वेता सिंह, एसीजेएम प्रसेनजीत सिंह सहित न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्तागण एवं न्यायालयकर्मी उपस्थित थे।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नितिन त्रिपाठी ने कहा कि, “विशेष लोक अदालत न्याय पाने का एक सरल, त्वरित एवं प्रभावी माध्यम है। चेक बाउंस से संबंधित मामलों में यदि दोनों पक्ष आपसी सहमति से समझौता करते हैं, तो उनका विवाद शीघ्र समाप्त हो जाता है और अनावश्यक मुकदमेबाजी से बचाव होता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार का प्रयास है कि अधिक से अधिक वादकारी इस अवसर का लाभ उठाकर अपने मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान करें। इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने चेक बाउंस से संबंधित सभी वादकारियों से अपील की है कि वे 18 जुलाई 2026 को आयोजित विशेष लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण कराएं।

