ट्रक में पीछे से घुसी स्कॉर्पियो, हरियाणा और बिहार के तीन लाेगाें की मौत, नौ घायल

ट्रक में पीछे से घुसी स्कॉर्पियो, हरियाणा और बिहार के तीन लाेगाें की मौत, नौ घायल
Facebook WhatsApp

कानपुर। जनपद के महाराजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सर्विस लेन में खड़े ट्रक में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पीछे से जा घुसी।हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए। दुर्घटना में चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, मरने वालों में दो बच्चे शामिल हैं। जबकि नौ लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक बनी हुई है।

सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को गैस कटर से वाहन काटकर बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को कांशीराम ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। हैलट अस्पताल में सभी घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस के मुताबिक स्कॉर्पियो में कुल 12 लोग सवार थे। प्रारंभिक जांच में वाहन की तेज रफ्तार हादसे का कारण मानी जा रही है। दुर्घटना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर प्रयागराज की ओर महाराजपुर क्षेत्र में हुई। इस हादसे में हरियाणा के सिरसा जिले के डिंग बड़ूडी निवासी स्कॉर्पियो चालक बजरंग (45), बिहार के गया निवासी दिलकुश कुमार (11) तथा एक अज्ञात बच्ची की मौत हो गई। वहीं नौ लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है।पुलिस जांच में पता चला कि स्कॉर्पियो हरियाणा के सिरसा से बिहार और झारखंड जा रही थी। वाहन में दो परिवार सवार थे। झारखंड के चतरा जिले के वकील यादव अपने परिवार के साथ लौट रहे थे, जबकि दूसरा परिवार बिहार के गया जिले का था। दोनों परिवारों ने मिलकर वाहन बुक किया था और रविवार रात सिरसा से रवाना हुए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक सर्विस लेन में खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कॉर्पियो सीधे ट्रक में जा घुसी। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला, लेकिन पुलिस ने करीब 13 किलोमीटर दूर तिवारीपुर ओवरब्रिज के पास उसे पकड़ लिया। पूछताछ में चालक आदर्श सिंह, निवासी मिर्जापुर ने बताया कि वह सर्विस लेन में ट्रक खड़ा कर आराम कर रहा था। हादसे के बाद घबराकर वहां से चला गया था।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि नौ लोग घायल हैं। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है और दो की हालत नाजुक बनी हुई है। मामले की जांच कराते हुए आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page