वैशाली में आर्मी जवान और पिता की गोली मारकर हत्या

वैशाली में आर्मी जवान और पिता की गोली मारकर हत्या
Facebook WhatsApp

पटना। बिहार के वैशाली जिले में रविवार की सुबह बाप-बेटे को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया है। इस घटना में आर्मी के एक जवान और उनके पिता की मौत हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासो गांव में पिता-पुत्र की गोली मारकर सनसनीखेज हत्या कर दी गई। आरोप है कि मृतक मुनारिक राय के अपने भतीजे ने इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया है। इस घटना में मुनारिक राय 60 और उनके बेटे आर्मी के जवान जितेंद कुमार 35 साल की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है। बताया जा रहा है कि जितेंद्र कुमार कुछ दिनों पहले ही छुट्टी पर घर आया था। कहा जा रहा है कि रास्ते को लेकर विवाद पहले से चल रहा था। इसी विवाद में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।

इधर इस वारदात की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। वारदात की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार और नगर थानाध्यक्ष सिकंदर कुमार सदर अस्पताल पहुंचे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने मृतक के परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली है। पुलिस इस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि आर्मी में तैनात जितेंद्र कुमार के दो छोटे-छोटे बच्चे भी हैं। जितेंद्र कुमार के पिता मुनारिक पंचायत चुनाव में मुखिया पद के लिए अपनी किस्मत भी आजमा चुके थे। बताया जा रहा है कि डबल मर्डर की इस वारदात के बाद गांव में तनाव की भी स्थिति है। हालांकि, पुलिस इस मामले में पूरी सतर्कता बरत रही है। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मुनारिक राय और उनके बेटे सुबह के वक्त अपने दरवाजे पर बैठे थे। कहा जा रहा है कि इसी दौरान मुनारिक राय का भतीजा अपने कुछ साथियों के साथ वहां आ धमका।

अचानक देखते ही देखते उसने गोली चला दी। गोली पिता और पुत्र को जा लगी। गोली की आवाज सुनकर वहां लोग जमा हो गए। आनन फानन में मुनारिक और उनके बेटे को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। कहा जा रहा है कि इधर इस अफरातफरी के माहौल का फायदा उठाकर डबल मर्डर का आरोपी भतीजा अपने साथियों के साथ फरार भी हो गया। फिलहाल पुलिस इस जघन्य वारदात की गहरी छानबीन में जुटी हुई है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page