मोकामा। साहिबगंज से कोयला लेकर बाढ़ एनटीपीसी आ रहा जाकिर हुसैन मालवाहक जहाज मोकामाघाट के निकट गंगा की तेज धार में फंस गया। जहाज के चालक के त्राहिमाम संदेश के बाद जहाज को रेस्क्यू कर बाढ़ पहुंचाया गया।
बाढ़ एनटीपीसी के पीआरओ विकासधर द्विवेदी ने इसकी पुष्टि की है।मालवाहक जहाज जाकिर हुसैन पर करीब साढ़े तीन सौ टन कोयला लदा हुआ था। जहाज साहिबगंज से बाढ़ एनटीपीसी आ रहा था।
जहाज पर क्षमता से ज्यादा कोयला लदा हुआ था। मोकामाघाट पहुंचने पर कोयला लदा जहाज गंगा नदी में फंस गया और आगे नहीं बढ़ सका।
पायलट ने अपने स्तर से काफी मशक्कत कर जहाज को आगे ले जाने की पूरी कवायद भी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जहाज के पायलट ने जाकिर हुसैन को करीब एक किलोमीटर पीछे ले जाकर औन्टा संगतपर घाट पर खड़ा कर दिया।जहाज के गंगा नदी में अपस्ट्रीम नहीं होने की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गयी। इस दौरान जहाज करीब साढ़े तीन घंटे गंगा की धार में फंसा रहा।
बाढ़ एनटीपीसी के पीआरओ विकासधर द्विवेदी ने कोयला लदे जहाज के गंगा नदी में फंस जाने की पुष्टि की है। ग्रामीणों ने बताया कि बाद में दो अन्य जहाज की सहायता से जाकिर हुसैन को बाढ़ पहुंचाया गया।

