सांसद-विधायक ने सुगौली में राजकीय डिग्री महाविद्यालय का किया शुभारंभ
-स्थानीय छात्रों को मिलेगी उच्च शिक्षा की सुविधा, जल्द बनेगा स्थायी भवन:सांसद
सुगौली। प्रखंड अंतर्गत सुकुल पाकड़ पंचायत में राजकीय डिग्री कालेज का उद्घाटन सांसद डॉ संजय जायसवाल और विधायक राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता ने संयुक्त रूप से फीता काट कर किया। कॉलेज फिलहाल उच्च माध्यमिक विद्यालय सुकुल पाकड़ चिलझपटी के परिसर में अस्थायी रूप से संचालित होगा।
इस अवसर पर प्राचार्य ने अतिथियों को अंगवस्त्र और फूल-माला देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में बीडीओ नूतन किरण सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सांसद डॉ संजय जायसवाल ने कहा कि सरकार की नई नीति के तहत फिलहाल नए भवनों के अभाव में आधुनिक स्कूल भवनों में डिग्री कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं। जल्द ही इसके स्थायी भवनो का निर्माण शुरू कराया जायेगा।फिलहाल इसके शुरू होने से छात्रों को उच्च शिक्षा की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिलेगी।
उन्होंने बताया कि धनही शिवालय स्थित ऐतिहासिक परिसर में कॉलेज का स्थायी भवन बनाया जाएगा तथा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए 15 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं विधायक बबलू गुप्ता ने कहा कि वर्षों पुरानी मांग अब पूरी हो गई है और जल्द ही स्थायी भवन बनने के बाद कॉलेज वहां स्थानांतरित होगा। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा।

