रुद्राभिषेक के साथ महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारम्भ

रुद्राभिषेक के साथ महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारम्भ
Facebook WhatsApp

-कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने किया ‘वैदेही कैफेटेरिया’ का उद्घाटन
मोतिहारी। महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में ग्रीष्मावकाश के उपरांत नए शैक्षणिक सत्र का शुभारम्भ आध्यात्मिक आस्था, नवोत्साह एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता के संकल्प के साथ हुआ। विश्वविद्यालय की समृद्धि, शांति एवं सतत प्रगति की मंगलकामना हेतु गांधी भवन में प्रातःकाल कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति में रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी, प्रशासनिक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए विश्वविद्यालय की निरंतर उन्नति एवं सफलता के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते कुलपति ने सभी को नए शैक्षणिक सत्र की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा विश्वविद्यालय परिवार के प्रत्येक सदस्य से समर्पण, नवाचार और सामूहिक प्रयास की भावना के साथ कार्य करते हुए शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं संस्थागत विकास के नए आयाम स्थापित करने का आह्वान किया।


छात्र-केंद्रित अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कुलपति ने गांधी भवन स्थित ‘वैदेही कैफेटेरिया’ का उद्घाटन भी किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने कहा, “वैदेही कैफेटेरिया केवल भोजन एवं अल्पाहार की सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सार्थक संवाद, अनौपचारिक शैक्षणिक चर्चाओं तथा सामुदायिक सहभागिता का एक सशक्त मंच भी बनेगा।

यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, उनके कल्याण तथा विश्वविद्यालय समुदाय के बीच आपसी संवाद एवं सहभागिता को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। परिसर निदेशक प्रो. प्रसून दत्ता सिंह ने कैफेटेरिया के नाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा,वैदेही’ माता सीता का एक अत्यंत पूजनीय नाम है। यह नाम मिथिला एवं बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है तथा विद्यार्थियों में अपनी सांस्कृतिक जड़ों के प्रति आत्मीयता, गर्व एवं अपनत्व की भावना को सुदृढ़ करता है।


इस अवसर पर प्रो. शिरीष मिश्रा, प्रो. श्याम कुमार झा, प्रो. शहाना मजूमदार, प्रो. अरविंद कुमार शुक्ला, डॉ. कैलाश चंद्र प्रधान, डॉ. श्याम नंदन, डॉ. बबीता मिश्रा, डॉ. बबलू पाल, डॉ. अमित रंजन, विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) डॉ. सच्चिदानंद सिंह तथा उप कुलसचिव श्री सुहर्ष कुमार सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page