जिला स्तरीय रेड रन प्रतियोगिता का हुआ सफल आयोजन
एड्स जागरूकता अभियान को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान
मोतिहारी। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन एवं बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के निर्देशानुसार मुंशी सिंह महाविद्यालय, मोतिहारी के सेहत केंद्र एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को गांधी मैदान, मोतिहारी में जिला स्तरीय रेड रन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा समाज में स्वास्थ्य संबंधी जन-जागरूकता का व्यापक संदेश प्रसारित करना था।
प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व आयोजित जागरूकता सत्र में सेहत केंद्र के जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार, मुंशी सिंह महाविद्यालय स्थित सेहत केंद्र की नोडल पदाधिकारी डॉ. विदुषी दीक्षित, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. गौरव भारती, डॉ. श्री कृष्ण सिन्हा महिला महाविद्यालय की एन.एस.एस. कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अर्पणा, एस. एन. एस महाविद्यालय के एन.एस.एस. कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अमित सातनकर, बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना से आए रिसोर्स पर्सन कुणाल कुमार एवं शिवम् कुमार तथा मनोवैज्ञानिक एवं समाजसेवी डॉ. अरुण कुमार ने प्रतिभागियों को संबोधित किया।
वक्ताओं ने एचआईवी/एड्स से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने, समय पर जांच एवं उपचार के महत्व, सुरक्षित व्यवहार अपनाने तथा भेदभाव-मुक्त समाज के निर्माण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही एड्स जागरूकता अभियान को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है
सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, प डॉ. दिलीप कुमार द्वारा प्रतियोगिता के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई गई। इस सहयोग के लिए जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार ने उनका आभार व्यक्त किया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में मुंशी सिंह महाविद्यालय, एल.एन.डी. कॉलेज, एस.एन.एस. कॉलेज एवं डॉ. एस.के.एस. महिला कॉलेज के महाविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साह एवं खेल भावना के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनुशासन, फिटनेस और सामाजिक जागरूकता का परिचय दिया।
अभिरंजन कुमार (एस.एन.एस. कॉलेज), शेख साजिद (एल.एन.डी. कॉलेज), किशन कुमार (एल.एन.डी. कॉलेज), डेविड जेम्स (मुंशी सिंह महाविद्यालय) एवं नेसार आलम (एल.एन.डी. कॉलेज) तथा छात्रा वर्ग में राजनंदिनी कुमारी (एल.एन.डी. कॉलेज), ऋषि कुमारी (एल.एन.डी. कॉलेज), निशात कुमारी (डॉ. एस.के.एस. विमेंस कॉलेज), श्वेता कुमारी (डॉ. एस.के.एस. विमेंस कॉलेज) एवं मुस्कान कुमारी (एस.एन.एस. कॉलेज) का चयन राज्य स्तरीय रेड रन प्रतियोगिता के लिए किया गया। चयनित प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पूर्वी चम्पारण जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर मुंशी सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एम. एन. हक ने चयनित प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल और सामाजिक जागरूकता का यह समन्वय युवाओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे।
प्राचार्य ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सेहत केंद्र के जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार, नोडल पदाधिकारी डॉ. विदुषी दीक्षित, एन.एस.एस. कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. गौरव भारती सहित आयोजन से जुड़े सभी शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी कर्मियों की सराहना की।

