सप्तक्रांति की पेंट्री से 62 बोतल शराब के साथ मैनेजर गिरफ्तार
नरकटियागंज। आनंद विहार -मुजफ्फरपुर सप्तक्रांति सुपर फास्ट एक्सप्रेस ट्रेन की पेंट्रीकार से नरकटियागंज रेलवे स्टेशन पर 62 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ पेंट्री मैनेजर को सोमवार की सुबह में गिरफ्तार किया गया।पेंट्रीकार से तीन अलग- अलग पिट्ठू बैग से विभिन्न ब्रांड की 46.500 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। गिरफ्तार पेंट्रीकार मैनेजर की पहचान शिकारपुर थाना के हरदिया वार्ड 19 निवासी अजय साह के रूप में की गई हैं।
गिरफ्तार पेंट्री मैनेजर से पूछताछ के बाद आरपीएफ ने जब्त शराब एवं धंधेबाज को रेल पुलिस के हवाले कर दिया है। बताया जाता है कि आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली कि आनंद विहार -मुजफ्फरपुर 12558 सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के पेंट्रीकार से शराब की तस्करी हो रही है।
ट्रेन सुबह 6:22 बजे बगहा रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो आरपीएफ के कमलेश सिंह, उपेंद्र कुमार व गुरुवत सिंह ट्रेन में सवार हुए और जांच करते हुए पेंट्रीकार में पहुंचे। पैंट्रीकार बोगी में जांच के दौरान तीन पिट्ठू बैग लावारिस हालत में मिला।
पेंट्री के वेंडरों से पूछने पर पता चला कि तीनों बैग पैंट्रीकार मैनेजर का है। बैग की तलाशी ली गई तो शराब मिली। पहले तो पेंट्री मैनेजर ने बैग के बारे में आनाकानी की।
लेकिन कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने स्वीकार किया कि तीनों बैग उसके हैं। तब तक ट्रेन नरकटियागंज स्टेशन पर पहुंच गई थी। 7:30 बजे तीनों पिट्ठू बैग के साथ पैंट्री मैनेजर को आरपीएफ ने नरकटियागंज रेलवे स्टेशन पर उतार लिया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर ऋतुराज कश्यप ने बताया कि पूछताछ के बाद जब्त शराब और गिरफ्तार पैंट्री मैनेजर को कार्रवाई के लिए रेल पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

