पुलिस को धमकाने वाला दो घंटे के अंदर गिरफ्तार
मोतिहारी। पुलिस की चुनौती देने के बाद युवक को दो घंटे के अंदर गिरफ्तार कर उसके पास से मोबाइल में आर्म्स वाला वीडियो भी बरामद किया गया है। जानकारी के मुताबिक बिजधरी थाने के सोनरापुर गांव निवासी सौरभ कुमार , पिता कृष्ण कुमार यादव ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर डालते हुए कहा था कि पुलिस उसके माता पिता को परेशान नहीं करे अन्यथा वह भरत तिवारी की तरह हथियार नहीं डालेगा,वह हथियार चलाएगा। वह दोनों हाथ से रायफल चलाना जानता है। इस वीडियो के संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने एक स्पेशल टीम का गठन किया और उक्त युवक को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही एक मोबाइल फोन बरामद किया गया जिसमे आर्म्स से फायरिंग करता उसका एक दूसरा वीडियो मिला।
इसके अलावे मोबाइल में उसका धमकी वाला वीडियो भी पुलिस के हाथ लग गया। जानकारी के मुताबिक वह सोशल मीडिया पर थानाध्यक्ष बिजधरी को भी धमकी दिया और उनसे बात करने को कहा। वही सूत्रों की माने तो दो दिन पहले बिजधरी थाना क्षेत्र में गोली कांड हुआ था , ऐसे में इस मामले का तार उक्त गोली कांड से भी जुड़ने के आसार है , अलबत्ता इसकी अधिकारी पुष्टि नहीं हुई है। फिलवक्त युवक से पूछताछ की जा रही है कि उसने इस तरह की करतूत क्यों की।

