आपसी विवाद में हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत, परिजनों में कोहराम
रक्सौल।आपसी विवाद में हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान रक्सौल के चावल बाजार निवासी 47 वर्षीय सुजीत कुमार के रूप में हुई है। घटना को लेकर मृतक के पुत्र उत्सव कुमार द्वारा रक्सौल थाना को दिए गए आवेदन में बताया गया है कि उनके पिता सुजीत कुमार रक्सौल के सोना सिनेमा के पास स्थित न्यू बिहार टायर नामक दुकान में काम करते थे।
वहां गुरुवार की रात उनके पिता के साथ दुकान के संचालक और बाकी स्टाफ द्वारा मिलकर मारपीट की गई, जिससे उनके पिता की तबीयत खराब हो गई। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। इस मामले में दुकान संचालक के साथ-साथ अन्य लोगों को नामजद अभियुक्त बनाते हुए प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया गया है।
इस संबंध में रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि आवेदन मिला है। मृतक के शव को अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेजा गया है। एफएसएल की टीम को बुलाकर घटनास्थल पर जांच कराई गई है।आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जबकि मृतक के पुत्र ने बताया कि दुकान संचालक द्वारा उनके पिता की हत्या की गई है।
इधर, सुजीत की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचने पर चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। मृतक के परिजनों ने इस पूरे मामले में प्रशासन से आवश्यक जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

