नगर परिषद के सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों की बैठक संपन्न
– शहर में चल रहे निर्माण कार्य समय पूरा कराएं: सभापति
रक्सौल। शहर के मुख्य पथ स्थित नगर परिषद के जन सुविधा भवन स्थित कार्यपालक पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष में मंगलवार को नगर परिषद के सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों की एक बैठक संपन्न हुई। कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पूर्व से निर्धारित सभी 6 एजेंडा पर सकारात्मक रूप से परिचर्चा की गई और आवश्यक निर्णय लिया गया।
संचालन नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने किया। इस दौरान सबसे पहले नव निर्वाचित सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का स्वागत और अभिनंदन किया गया।बैठक में मुख्य रूप से नल-जल योजना की समीक्षा की गई। समिति के सदस्यों का मानना था कि जल संकट के बीच लोगों को शुद्ध पे-जल उपलब्ध हो। फलस्वरूप जहां-जहां नल-जल से आपूर्ति में किसी प्रकार की परेशानी है तो उसे भी ठीक करने का निर्णय लिया गया।
शहर की साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए इसे और बेहतर बनाने का निर्णय लिया गया। इसी प्रकार अलग-अलग वार्ड में चल रहे विकासात्मक कार्यों की समीक्षा करते समय सीमा के अंदर सभी तरह के निर्माण कार्य को पूरा करने की बात कहीं गई।
बैठक में शामिल एक एजेंडा में सेवानिवृत कर्मियों को ओपीएस और वर्तमान में कार्य कर रहे कर्मियों को एनपीएस का लाभ देने पर भी चर्चा के पश्चात् आवश्यक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। मौके पर सशक्त स्थायी समिति के सदस्य रंजीत श्रीवास्तव, विरेन्द्र प्रसाद व जितेन्द्र दत्ता सहित अन्य नप कर्मी मौजूद थे।

