‘प्रगति पथ यात्रा’ कार्यक्रम के तहत सांसद ने केसरिया बौद्ध स्तूप के विकास कार्यों का अवलोकन किया

‘प्रगति पथ यात्रा’ कार्यक्रम के तहत सांसद ने केसरिया बौद्ध स्तूप के विकास कार्यों का अवलोकन किया
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास, विकास एवं जनकल्याण के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘प्रगति पथ यात्रा’ कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने केसरिया स्थित विश्व प्रसिद्ध बौद्ध स्तूप एवं इसके आस-पास चल रहे विकास कार्यों का अवलोकन किया।

भ्रमण के दौरान उन्होंने कहा कि भारत सरकार और बिहार सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में केसरिया बौद्ध स्तूप को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए कई महत्वपूर्ण बुनियादी और ढांचागत विकास कार्य किए हैं। स्तूप परिसर के ठीक सामने एक अत्याधुनिक पर्यटक सुविधा केंद्र का निर्माण किया गया है, जहां आगंतुकों को बौद्ध धर्म से जुड़ी जानकारियां मिलती हैं। दूर-दराज और विदेशी पर्यटकों के ठहराव के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस 8 कमरों वाला गेस्ट हाउस और एक बड़ा कैफेटेरिया क्षेत्र विकसित किया गया है।

श्री सिंह ने कहा कि मुख्य स्तूप के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए, परिसर में ही मूल स्तूप के 25 प्रतिशत आकार की एक खूबसूरत प्रतिकृति बनाई जा रही है ताकि, पर्यटक इसकी पूरी वास्तुकला को करीब से समझ सकें। उत्खनन से प्राप्त प्राचीन अवशेषों को प्रदर्शित करने के लिए एक संग्रहालय और बैठकें आयोजित करने के लिए मीटिंग हॉल का निर्माण किया जा रहा है। इस स्थल को बिहार के प्रमुख बौद्ध सर्किट से जोड़ा गया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय तीर्थयात्रियों के लिए यहां पहुंचना आसान हो गया है।

पटना, मुजफ्फरपुर और मोतिहारी जैसे प्रमुख शहरों से केसरिया तक की सड़कों को चौड़ा और सुगम बनाया गया है।इन निरंतर प्रयासों के कारण ही केसरिया आज जापान, चीन, ताइवान, नेपाल और भूटान जैसे देशों के बौद्ध भिक्षुओं और विदेशी सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। वहीं श्री सिंह केसरिया विधानसभा अंतर्गत केसरिया में भाजपा केसरिया द्वारा आयोजित “मीडिया संवाद” कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को समर्पित 12 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने केवल विकास की नई ऊंचाइयों को नहीं छुआ है, बल्कि करोड़ों गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के जीवन में आशा, विश्वास और सम्मान का नया प्रकाश भी पहुंचाया है। यही जनविश्वास विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। मौके पर जिलाध्यक्ष भाजपा पवन राज, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश सिंह, मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन चौधरी,केसरिया विधानसभा संयोजक आनंद सिंह, राकेश रौशन सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page