एसएसबी-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारत-नेपाल सीमा पर 76.6 किलो गांजा बरामद,एक तस्कर गिरफ्तार
पूर्वी चम्पारण। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी विरोधी अभियान के तहत एसएसबी की 71वीं वाहिनी अठमोहान और झरौखर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई करते हुए 76.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।
गुप्त सूचना के आधार पर लगाया गया विशेष नाका
एसएसबी की 71वीं वाहिनी को नेपाल से भारत में गांजा तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के बाद एएसआई हरिंदर यादव के नेतृत्व में एसएसबी और झरौखर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 358/4 के समीप बरोखर गांव में विशेष नाका लगाकर निगरानी शुरू की।
संदिग्धों को देख जवानों ने पीछा किया
मंगलवार सुबह करीब 3:45 बजे जवानों ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को पीठ पर बोरे लादे सीमा पार करते देखा। सुरक्षा बलों ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन सभी तस्कर भागने लगे। पीछा करने के दौरान एक तस्कर को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
तलाशी अभियान में पांच बोरे गांजा बरामद
तस्करों की तलाश के लिए क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान पांच जूट के बोरे बरामद हुए। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर बरामद पदार्थ गांजा पाया गया। वजन करने पर कुल 76.6 किलोग्राम गांजा बरामद होने की पुष्टि हुई।
गिरफ्तार तस्कर ने खुद को बताया कूरियर
गिरफ्तार तस्कर की पहचान डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के पुरैना गांव निवासी बच्चा महतो (43) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह नेपाल के बसवरिया बारा जिला से गांजा लेकर बिजबनी गाँव में पहुंचाने जा रहा था और इस काम में कूरियर की भूमिका निभा रहा था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज होगी कार्रवाई
एसएसबी और पुलिस ने जब्ती की प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार तस्कर और बरामद गांजा को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए झरौखर थाना को सौंप दिया। सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

