मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना का 100वां बैच अहमदाबाद रवाना
-दो बाल हृदय रोगियों को निःशुल्क शल्य चिकित्सा के लिए भेजा गया
-बिहार सरकार उठाएगी इलाज, आवास और भोजन का पूरा खर्च
मोतिहारी। बिहार सरकार की महत्वपूर्ण जीवनदायिनी योजना मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के अंतर्गत बाल हृदय रोगियों का 100 वां बैच निःशुल्क शल्य चिकित्सा के लिए श्री सत्य साईं अस्पताल, अहमदाबाद रवाना किया गया। जिले के दो बाल हृदय रोगी शिवानी कुमारी (रक्सौल) एवं शुभम पाल (केसरिया) को उनके परिजनों के साथ राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार, पटना के लिए भेजा गया।
सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने शनिवार को सुबह 7 बजे हरी झंडी दिखाकर दोनों बच्चों को एंबुलेंस के माध्यम से पटना रवाना किया। उनके साथ चिकित्सा पदाधिकारी, अरेराज डॉ. सरताज आलम को भी भेजा गया, ताकि यात्रा के दौरान बच्चों को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत अब तक पूर्वी चंपारण जिले के 172 बाल हृदय रोगियों की सफल सर्जरी कराई जा चुकी है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है और उन्हें जीवनदान प्रदान कर रही है।
आरबीएसके डीसी डॉ. शशि मिश्रा ने जानकारी दी कि राज्य स्वास्थ्य समिति, पटना से स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार द्वारा 100 वें बैच में शामिल 32 बाल हृदय रोगियों को पटना एयरपोर्ट के लिए रवाना करेंगे।
अस्पताल में बच्चों की सर्जरी के साथ-साथ रहने, खाने और अन्य आवश्यक सुविधाओं का पूरा खर्च बिहार सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। मौके पर सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार, आरबीएसके डीसी डॉ. शशि मिश्रा, चिकित्सा पदाधिकारी अरेराज डॉ. सरताज आलम, प्रमोद कुमार एवं जौवाद हुसैन सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

