हरसिद्धि में ट्रैक्टर और स्कॉर्पियो की टक्कर, दो युवकों की हुई मौत
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र के गायघाट के पास रविवार की रात ट्रैक्टर और स्कॉर्पियो की टक्कर में स्कॉर्पियो सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य जख्मी हो गए।
हादसे में मृतकों की पहचान हरसिद्धि थाना क्षेत्र के सेवराहा गांव निवासी पूर्व मुखिया मुरारी सिंह के पुत्र अंकित कुमार उर्फ मनु (30) और इसी गांव के शुभम कुमार (28) के रूप में हुई है।जबकि दो घायलों में मानिकपुर हसुआहां के विजय सिंह के पुत्र आदित्य सिंह को गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया है,जबकि एक अन्य घायल का मोतिहारी के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, चारों युवक रविवार की रात स्कॉर्पियो से मोतिहारी के लिए निकले थे। इसी दौरान गायघाट के पास उनकी स्कॉर्पियो की भूसा लदे ट्रैक्टर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो सवार चारों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।जख्मी हालत में चारो को अस्पताल लाने के क्रम में दो की रास्ते में मौत हो गई।
अरेराज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल पर पुलिस बल को भेजा गया था और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।जबकि मृतको के शव का देर रात पोस्टमार्टम कराकर परिजनो को सौप दिया गया।घटना को लेकर पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। वही हादसे की खबर से सेवराहा गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, परिजनो का रो-रोकर बुरा हाल है।

