सनातन संस्कृति और जनसहभागिता से साकार होगा विकसित भारत एवं समृद्ध बिहार का संकल्प : सम्राट चौधरी

सनातन संस्कृति और जनसहभागिता से साकार होगा विकसित भारत एवं समृद्ध बिहार का संकल्प : सम्राट चौधरी
Facebook WhatsApp

-मुख्यमंत्री ने कैमूर में श्रीरामानुजाचार्य सहस्राब्दी महामहोत्सव एवं अंतर्राष्ट्रीय धर्म सम्मेलन का किया शुभारंभ- बिहार के प्राचीन मंदिरों के विकास और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि सनातन संस्कृति, संतों के आशीर्वाद और जनसहभागिता से विकसित भारत एवं समृद्ध बिहार का संकल्प साकार होगा। भारत की गौरवशाली सभ्यता और संस्कृति हजारों वर्षों से पूरी दुनिया का मार्गदर्शन करती रही है। देश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को कैमूर जिले के भभुआ प्रखंड अंतर्गत परसिया गांव में आयोजित श्री भाष्यकार श्रीरामानुजाचार्य सहस्राब्दी महामहोत्सव एवं अंतर्राष्ट्रीय धर्म सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे दिव्य एवं भव्य धर्म सम्मेलन में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। संतों के आशीर्वाद से ही देश और समाज का कल्याण होता है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री का संकल्प देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और औद्योगिक विकास को नई गति देना है। ‘मेक इन इंडिया’ जैसी पहलों के माध्यम से देश की औद्योगिक क्षमता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही भारत की समृद्ध सभ्यता और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई जा रही है।बिहार के प्राचीन मंदिरों के विकास पर विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार भी विकास और समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्राचीन मंदिरों के विकास और जीर्णोद्धार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लगभग 3,500 करोड़ रुपये की लागत से गयाजी स्थित प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर का विकास एवं जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। वहीं, सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर के विकास और जीर्णोद्धार के लिए लगभग 1,000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। इसके अलावा हजारों वर्ष प्राचीन मां मुंडेश्वरी मंदिर के विकास एवं जीर्णोद्धार की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

कैमूर में धार्मिक पर्यटन और इको टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कैमूर और आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। मां मुंडेश्वरी मंदिर और गुप्ताधाम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। पटना से हेलीकॉप्टर के माध्यम से गुप्ताधाम और मां मुंडेश्वरी के दर्शन की सुविधा शुरू की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को सहूलियत मिल रही है।

उन्होंने कहा कि कैमूर की पहाड़ियों और क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को देखते हुए यहां इको टूरिज्म विकसित किया जा रहा है। सासाराम और कैमूर की प्राकृतिक खूबसूरती फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को भी आकर्षित कर रही है। धार्मिक पर्यटन के साथ प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने से क्षेत्र के विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी।

मुख्यमंत्री ने जीयर स्वामी महाराज से लिया आशीर्वाद

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रख्यात संत पूज्य श्री लक्ष्मीप्रपन्न जीयर स्वामी महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर सांसद एवं प्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page