बेगूसराय: सड़क दुर्घटना में तीन थानाध्यक्ष समेत 4 की मौत
पटना/बेगूसराय। पटना से प्रशिक्षण लेकर लौट रहे मधेपुरा जिले के तीन थानाध्यक्षों की बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक बजे सड़क हादसे में मौत हो गई है।मृतकों में उदाकिशुनगंज अनुमंडल के रतवारा थाना अध्यक्ष सजन कुमार, अरार थाना अध्यक्ष अमरेंद्र ज्ञानेंद्र तथा मधेपुरा अनुमंडल के बेलारी थाना अध्यक्ष नीरज कुमार शामिल हैं। दुर्घटना में वाहन चालक की भी मौत की सूचना है।
बताया जा रहा है कि 10-11 जून यानी दो दिवसीय प्रशिक्षण के उपरांत गुरुवार शाम तीनों थानाध्यक्ष कार से वापस मधेपुरा के लिए रवाना हुए। कार निजी चालक ज्योतिष कुमार चला रहा था। रात एक बजे बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल के समीप एनएच 31 पर खड़े ट्रक में कार घुस गई। हादसे में तीनों थानाध्यक्ष और कार चालक की मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, सदर डीएसपी आनंद पांडेय समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।एक साथ तीन थाना प्रभारियों और एक चालक की मौत से पुलिस विभाग में गहरा शोक व्याप्त है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराना बताया जा रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

