जन्माष्टमी पर पटना के इस्काॅन मंदिर उमड़ा श्रद्धालुओ का सैलाब
पटना। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर शुक्रवार को राजधानी पटना में इस्कॉन मंदिर से लेकर मिलर स्कूल ग्राउंड तक कृष्ण भक्ति लहर देखने को मिला।इस अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।इस्कॉन मंदिर के बाहर शाम होते ही करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई। पांच हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर के बाहर मौजूद रहे।
मिलर स्कूल ग्राउंड में आयोजित कृष्ण महोत्सव में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह और गायक बी प्राक ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। बी प्राक के भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे। ‘तू राधा, मैं कान्हा बन जाऊं’ गीत ने माहौल को खास बना दिया।कृष्ण महोत्सव में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी पहुंचे। सायन कुणाल और सांसद सांभवी चौधरी ने उनका स्वागत किया। उन्हें पाग, सॉल और कृष्णोत्सव का प्रतीक चिह्न भेंट किया गया।
अक्षरा सिंह का भी पाग, सॉल और प्रतीक चिह्न देकर स्वागत किया गया।इस्कॉन मंदिर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूजा-अर्चना और आरती की। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी मंदिर पहुंचकर पूजा की। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने भगवान की आरती की और बाल कृष्ण को झूला झुलाया। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने शंख से राधा-कृष्ण का अभिषेक किया।

इस्कॉन मंदिर में मुख्य पूजा रात 11 बजे से शुरू होगी। भगवान का 108 चांदी के कलश से विशेष अभिषेक किया जाएगा। सुबह चार बजे मंदिर के पट खुल गए थे और रात 1:30 बजे तक श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यवस्था है। पूरे दिन कीर्तन और विशेष अभिषेक का आयोजन किया जा रहा है।मंदिर की सजावट के लिए बेंगलुरु, पुणे, कोलकाता और विदेश से करीब आठ टन फूल मंगाए गए हैं। इस बार फूल बंगला आकर्षण का केंद्र है।

सुरक्षा के लिए 150 से अधिक कैमरों से निगरानी की जा रही है। भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास की अलग व्यवस्था की गई है।
5 सितंबर को इस्कॉन के संस्थापक आचार्य एसी भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद का जन्म दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर दोपहर बाद 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। जन्माष्टमी के बाद भी पटना में कृष्ण भक्ति का यह उत्सव जारी रहेगा।

