सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मजदूर की इलाज के दौरान मौत
– साइकिल और बुलेट की टक्कर में हादसा,गांव में पसरा मातम
चिरैया। थाना क्षेत्र अंतर्गत ढाका-चिरैया मुख्य पथ पर परतापुर स्थित भुतही पुल के समीप बुधवार को साइकिल एवं बुलेट मोटरसाइकिल की टक्कर में गंभीर रूप से घायल एक मजदूर की इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के बारा जयराम गांव वार्ड संख्या-1 निवासी स्व. दुर्गा सिंह के पुत्र 55 वर्षीय जलंधर सिंह के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि वह गांव में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। भाजपा नेता व बाराजय राम गांव निवासी चंदन कुमार पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना के दिन जलंधर सिंह साइकिल से ढाका घरेलू सामान खरीदने गए थे। खरीददारी कर वापस गांव लौटने के दौरान परतापुर स्थित भुतही पुल के समीप पीछे से आ रही एक अनियंत्रित बुलेट मोटरसाइकिल ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल के परखचे उड़ गए और जलंधर सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, नतीजतन वे बेहोश हो गए। वहीं बुलेट सवार भी दुर्घटना में घायल हो गया।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने डायल 112 पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने दिनदहाड़े दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जलंधर सिंह की नाजुक हालत देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उन्हें मोतिहारी के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया है। मृतक अपने पीछे पत्नी मालती देवी, दो पुत्र एवं एक पुत्री छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में चीत्कार मचा हुआ है, वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।

