भूमि विवाद में धारदार हथियार से जानलेवा हमला, दो गंभीर
– स्कॉर्पियो रोककर की गई मारपीट, घायलो को किया गया मुजफ्फरपुर रेफर
मोतिहारी। जिले के चिरैया थाना क्षेत्र के कटकुईयां गांव में गुरुवार की रात भूमि विवाद में पुरानी रंजिश को लेकर हुए जानलेवा हमले में दो चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज पहले सदर अस्पताल मोतिहारी में कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान कटकुईयां गांव निवासी कृत राय के पुत्र राजेश कुमार (45) एवं दरोगा राय के पुत्र रमेश राय (35) के रूप में हुई है। घायल राजेश कुमार के पुत्र चंदन कुमार द्वारा चिरैया थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, गुरुवार की रात करीब आठ बजे उनके पिता अपनी स्कॉर्पियो से दादा-दादी को छोड़ने घोड़ासहन स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान गांव के समीप पहले से घात लगाए बैठे स्व.अंचित राय के पुत्र चंद्रिका राय (55) एवं उनके चार पुत्रों अरविंद कुमार (28), अवनीश कुमार (26), लालू कुमार (22) और कृष्णा कुमार (19) ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोप है कि सभी ने मिलकर राजेश कुमार को गाड़ी से खींच लिया और लोहे की रॉड व धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में उनका सिर फट गया तथा शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।आवेदन में यह भी कहा गया है कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके चाचा रमेश राय के साथ भी मारपीट की गई। आरोपितों द्वारा गले से सोने की चेन, नकदी और अन्य सामान छीन लेने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं चिरैया थानाध्यक्ष महेश कुमार ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा आरोपितों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

