बिजुलपुर चोरी कांड में पुलिस तीन युवकों से कर रही पूछताछ

बिजुलपुर चोरी कांड में पुलिस तीन युवकों से कर रही पूछताछ
Facebook WhatsApp

-फुआ के घर शादी समारोह मे आई सैनिक की पत्नी के 45 लाख के जेवरात चुरा ले गए हैं चोर 

मोतिहारी। तुरकौलिया थाना क्षेत्र के बिजुलपुर गांव में अपने फुआ के घर शादी समारोह में शामिल होने आई सैनिक की पत्नी के चोरी हुए नकदी समेत करीब 45 लाख रुपये के आभूषण मामले में पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि युवकों ने घटना में शामिल होने से इनकार किया है। चोरी के उद्भेदन के लिए पुलिस संभावित जगहों पर छापेमारी में जुटी हुई है।

मालूम हो कि संग्रामपुर थाना क्षेत्र के तिवारी टोला के रहने वाले सैनिक दीपक तिवारी की पत्नी रूपांजलि देवी अपने फुआ के घर शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। 25 नवंबर को उनके फूफा नागेंद्र ठाकुर के पुत्र रविरंजन के शादी का बारात राजेपुर नवादा गया था। घर पर केवल महिलाएं थीं।

देर रात में चोर घर में घुसकर दो ट्रॉली बैग लेकर फरार हो गए। ट्रॉली में सैनिक की पत्नी रूपांजलि व सीमा सिंह के जेवरात व नकदी रुपये थे। जो करीब 45 लाख रुपये का सामान था, जिसे चोर चुरा ले गए हैं। घटना के बाद से ही पुलिस हरकत में आ गई है। पहले दिन खोजी कुत्ते की मदद से जांच की गई थी, जिसमें घर के पीछे गन्ने के खेत से टूटा हुआ ट्रॉली बैग बरामद हुआ था।

अब पुलिस उसी कड़ी को जोड़ते हुए संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि मामले में पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी में जुटी हुई है। तीन युवकों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा गांव में चर्चा है कि इस घटना में किसी घर के भेदी की भी भूमिका हो सकती है, इसलिए पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।

इधर, सैनिक की पत्नी के जेवरात चोरी होने से गांव में मायूसी छाई हुई है। शादी वाले घर में खुशी का माहौल गम में बदल गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द चोरी का खुलासा करने और सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page