रक्सौल में पटाखो की हो रही अवैध डंपिग
-अनहोनी से आशंकित है शहर वासी
रक्सौल। दीपावली का पर्व नजदीक आते ही नेपाल के रक्सौल में पटाखों की अवैध डंपिंग का कारोबार तेज हो गया है। मुनाफे के लालच में कुछ आतिश कारोबारियो ने सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर बारूद से सने इस खतरनाक धंधे को फिर से गति दे दी है।
शहर के वार्ड नंबर 12 स्थित पुराना पोखरा रोड पर बड़े पैमाने पर पटाखों के भंडारण का मामला सामने आया है। यह स्थिति तब है जब पुलिस और अग्निशमन विभाग की चेकिंग लगातार जारी है।
सूत्रों के अनुसार, शहर के पटेल पथ रोड, बैंक रोड, पोस्ट रोड और मेन रोड पर भी कई स्थानों पर बिना अनुमति पटाखा दुकानें सज गई हैं। रिहायशी इलाकों में इस तरह का कारोबार हादसों को दावत देने के समान है।
बावजूद इसके लोग सबक लेने को तैयार नहीं। अग्निशमन विभाग ने पटाखा दुकानदारों की जांच शुरू कर दी है। अग्निशमन पदाधिकारी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि शहर में सभी पटाखा विक्रेताओं की लाइसेंस और सुरक्षा जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने पुलिस के सहयोग से निगरानी तेज कर दी है।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जगहों पर प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद अवैध दुकानों का संचालन चोरी-छिपे जारी है। उन्होंने मांग की कि प्रशासन ऐसे स्थलों पर त्वरित छापेमारी कर पटाखा माफियाओं के खिलाफ सख्त कदम उठाए, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।

