सरकार रंग की राजनीति छोड़कर बिहार से गरीबी, पलायन और भ्रष्टाचार खत्म करने पर दे ध्यान: प्रशांत किशोर
-बांकीपुर में इस बार बीजेपी नहीं हम जीतेंगे
मोतिहारी। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज के संगठन को तेजी से पुनर्गठित किया जा रहा है। बिहार नव निर्माण अभियान के तहत वे लगातार जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। वे सोमवार को बापू सभागार, मोतिहारी में जिला कार्यकारिणी सहित कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
प्रशांत किशोर ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद जन सुराज ने संगठन को फिर से मजबूत करने का फैसला लिया था। जिला और राज्य इकाइयों का पुनर्गठन किया गया है और आने वाले दो-तीन महीनों में हर प्रखंड में नई कार्यकारिणी दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर 2026 तक हर पंचायत में सक्रिय संगठनात्मक इकाई बनाने का लक्ष्य है।संगठन बनाना गीली मिट्टी की दीवार बनाने जैसा कठिन काम है, लेकिन चुनाव हारने के बाद भी साथियों ने मेहनत कर संगठन को फिर से खड़ा किया है। आने वाले समय में पूर्वी चंपारण का संगठन सबसे मजबूत संगठनों में शामिल होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह के पार्टी छोड़ने के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि उदय सिंह ने पार्टी नहीं छोड़ी है और न ही इस्तीफा दिया है। वे निजी कारणों से कुछ समय का ब्रेक लेना चाहते हैं। पटना में छात्रा के साथ हुई बदसलूकी पर कहा कि गलत लोगों को सत्ता में बैठाने का नतीजा ऐसी घटनाएं हैं। सरकार की प्राथमिकता गरीबों पर बुलडोजर चलाने के बजाय अपराधियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ा कर सरकार जनता से ज्यादा टैक्स वसूल रही है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में देश का सबसे महंगा पेट्रोल और डीजल मिल रहा है।
सरकार को रंग की राजनीति छोड़कर बिहार से गरीबी, पलायन और भ्रष्टाचार खत्म करने पर ध्यान देना चाहिए। श्री किशोर ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि बांकीपुर में भाजपा 40 साल से नहीं हारी है, बीजेपी ने 10-10 हज़ार रूपये बांट कर वोट लिया, उन्हें राजनीतिक सबक सीखना है। उनकी मांद में घुस कर उन्हें हराया जायेगा। बांकीपुर की जनता इस बार झांसे में नहीं आयेगी। इसी विधानसभा से निकली चिंगारी बिहार को नई दिशा देगा।

