जिला विधिक सेवा प्राधिकार की बेहतर पहल “समाधान समारोह” के माध्यम से विवादों का करेगी सौहार्दपूर्ण समाधान
मोतिहारी। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चंपारण, के सचिव नितिन त्रिपाठी द्वारा नव निर्वाचित पैनल अधिवक्ताओं के साथ सचिव के कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसका मुख्य उद्देश्य जिले में विधिक जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करना, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करना तथा जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग तक निःशुल्क विधिक सहायता की पहुंच को और सुदृढ़ बनाने को लेकर था।
बैठक के दौरान सचिव ने सभी पैनल अधिवक्ताओं को निर्देशित किया कि वे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नियमित रूप से विधिक जागरूकता शिविर आयोजित करें तथा महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, श्रमिकों एवं अन्य कमजोर वर्गों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा संस्थाओं का उद्देश्य केवल न्यायालयों तक सीमित न होकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है।
बैठक में “समाधान समारोह” के सफल आयोजन एवं उसके माध्यम से विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने कहा कि आपसी समझौते एवं मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का त्वरित निपटारा समाज में सौहार्द एवं न्याय व्यवस्था में विश्वास को मजबूत करता है। इसके अतिरिक्त बेहतर विधिक सहायता कार्यान्वयन, लाभार्थियों से समन्वय, मामलों की नियमित मॉनिटरिंग तथा गुणवत्तापूर्ण विधिक सहायता प्रदान करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में उपस्थित सभी पैनल अधिवक्ताओं ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने तथा आमजन तक विधिक सहायता योजनाओं को पहुंचाने हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का आश्वासन दिया।

