आर्म्स लाइसेंस की आड़ में कारतूस की तस्करी का खुलासा, लाइसेंसधारी गिरफ्तार 

आर्म्स लाइसेंस की आड़ में कारतूस की तस्करी का खुलासा, लाइसेंसधारी गिरफ्तार 
Facebook WhatsApp

मोतिहारी/ पूर्वी चंपारण। जिले में पुलिस ने लाइसेंसी हथियार की आड़ में चल रहे अवैध कारतूस कारोबार का बड़ा खुलासा किया है। एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर हरसिद्धि थाना की पुलिस की विशेष टीम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी की मौजूदगी में हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मुरारपुर पंचायत के औरैया गांव छापेमारी कर एक लाइसेंसधारी को भारी मात्रा में कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद कलाम के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी अपने शस्त्र लाइसेंस का दुरुपयोग करते हुए नियमों के विपरीत कारतूस की खरीद-बिक्री के धंधे में शामिल था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर से लाइसेंसी हथियार के साथ बड़ी संख्या में रायफल के कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने हथियार को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कारतूस कहां से लाए जाते थे और किन लोगों को सप्लाई किए जाते थे। बरामद कारतूसों के संबंध में शस्त्र अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि शस्त्र अनुज्ञप्ति के नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर जिले के सभी आर्म्स लाइसेंसधारियों की जांच कराई जाएगी और उनके पास मौजूद गोलियों का मिलान भी कराया जाएगा।

एसपी ने यह भी कहा कि जिन लाइसेंसधारियों का आपराधिक इतिहास रहा है, उन पर पुलिस की विशेष नजर रखी जा रही है। अवैध हथियार और कारतूस कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page