बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर एसडीओ ने किया तटबंधों का निरीक्षण, अभियंताओ को दिए निर्देश
रक्सौल। अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार ने बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा को लेकर एसडीओ फ्लड डिवीजन की टीम के साथ बंगरी नदी तटबंध, सिकरहना नदी तटबंध एवं गाद नदी तटबंध का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तटबंधों की स्थिति, संवेदनशील स्थलों तथा सुरक्षा कार्यों का जायजा लिया गया।
इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को संभावित बाढ़ को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने तटबंधों के कमजोर स्थलों की पहचान कर शीघ्र मरम्मत कराने, कटावरोधी कार्यों में तेजी लाने तथा लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को यह भी कहा गया कि बारिश के मौसम में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सभी संसाधन तैयार रखें। मौके पर फ्लड डिवीजन के अभियंता एवं संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

