दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में तीसरे स्थान पर पहुंचा काठमांडू, लाहौर अव्वल तो ढाका दूसरे स्थान पर
काठमांडू। नेपाल की राजधानी काठमांडू में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय वायु गुणवत्ता निगरानी संस्था आईक्यूएयर (IQAir) के अनुसार, गुरुवार सुबह 9 से 10 बजे के बीच काठमांडू 181 एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के साथ दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में तीसरे स्थान पर रहा।
इस दौरान पाकिस्तान का लाहौर 327 AQI के साथ दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर रहा, जबकि बांग्लादेश की राजधानी ढाका 227 AQI के साथ दूसरे स्थान पर थी।
सर्दियों की शुरुआत के साथ काठमांडू की वायु गुणवत्ता लगातार प्रभावित हो रही है। बारिश में कमी, वाहनों से निकलने वाला धुआं, सड़कों पर उड़ती धूल और निर्माण गतिविधियों को वायु प्रदूषण बढ़ने का प्रमुख कारण माना जा रहा है।प्रदूषण का स्तर बढ़ने के कारण काठमांडू घाटी का आसमान धुंधला होने लगा है।
इसका असर आम लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ने लगा है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए बढ़ता वायु प्रदूषण अधिक खतरनाक हो सकता है।स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के तहत लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने और बाहर जाते समय मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

