नगर विकास की लंबित योजनाओं में तेज़ी को लेकर महापौर ने दिये निर्देश

नगर विकास की लंबित योजनाओं में तेज़ी को लेकर महापौर ने दिये निर्देश
Facebook WhatsApp

-शवदाह गृह, सड़क एवं नाला निर्माण में आड़े आ रही विधुत पोल हटाने के मामले में 

-नगर आयुक्त को विभागीय सचिव से पत्राचार का  का निर्देश 

-टाउन हाल के अधूरे कार्य में अब आयेगी तेजी 

मोतिहारी। महापौर प्रीति कुमारी  की अध्यक्षता में नगर निगम मोतिहारी के सभागार में मासिक साधारण की बैठक हुई।बैठक में विधायक नरकटिया विशाल कुमार भी सम्मिलित हुए। बैठक में नगर विकास, आधारभूत संरचना, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक सुविधाओं एवं लंबित योजनाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जबकि जनहित से जुड़े कार्यों में हो रही विलंब एवं विभागीय लापरवाही पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया गया। इस अवसर पर पिछले दो वर्षों से लंबित शवदाह गृह निर्माण कार्य का विषय प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने बताया कि ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार के कारण निर्माण कार्य बाधित है।  कई बार सूचना दिए जाने के बावजूद विद्युत विभाग  अबतक कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

इसके अतिरिक्त बाजार समिति रोड में सड़क के बीच अवस्थित विद्युत पोल के कारण सड़क निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहा है। फलस्वरूप नगर आयुक्त आशीष कुमार को ऊर्जा विभाग के सचिव से पत्राचार कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नगर भवन (टाउन हॉल) के अधूरे निर्माण एवं लंबित निविदा प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने कहा कि योजना चयनित होने के बावजूद निविदा प्रक्रिया प्रारंभ नहीं होना खेदजनक है। टाउन हॉल के अभाव में शहरवासियों को छोटे कार्यक्रमों के लिए महंगे सभागार एवं होटलों पर निर्भर रहना पड़ता है।

नतीजतन नगर आयुक्त को सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण कर शीघ्र निविदा आमंत्रित करने का निर्देश दिया गया। मुख्य नाला निर्माण योजनाओं में हो रही देरी पर भी सदस्यो ने नाराजगी जताई। पूर्व में चयनित योजनाओं पर अब तक कार्य प्रारंभ नहीं होने को लेकर चिंता जताते हुए नगर आयुक्त को तकनीकी अनुमोदन प्राप्त कर आगामी बोर्ड बैठक में अधिष्ठापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

महापुरुषों की प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण के मुद्दे पर भी विमर्श किया गया। कई बैठकों में उक्त विषय उठाए जाने के बावजूद अबतक ठोस कार्रवाई नहीं होने पर सदस्यों ने नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित लापरवाह कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण योजनाओं में लंबित कार्यादेश का विषय भी उठा। इसके लिए नगर आयुक्त को निर्देश दिया गया कि सभी संवेदकों को अविलंब कार्यादेश निर्गत किया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले संवेदकों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर भी विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। लगभग छह माह पूर्व 18 उत्क्रमित वार्डों में प्रति वार्ड 200 स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन कार्य पूर्ण होने के बावजूद कई क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध नहीं हो सकी है। लिहाजा  46 वार्डों में सर्वे कराकर शेष बचे विद्युत पोलों पर नई स्ट्रीट लाइट योजनाओं का चयन एवं क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त सभी वार्डों में नई योजनाओं के चयन हेतु  निर्णय लिया गया कि वार्ड पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों में जलजमाव वाली गलियों, मुख्य सड़क एवं नाला तथा अधिक आवागमन वाले मार्गों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का चयन कराएंगे।

जिसपर नगर आयुक्त को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक योजनाओं का चयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में नगर आयुक्त आशीष कुमार, वार्ड पार्षदगण, निगम के पदाधिकारीगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।  उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नगर विकास कार्यों में पारदर्शिता, त्वरित क्रियान्वयन एवं विभागीय समन्वय को आवश्यक बताते हुए शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page