सड़क दुर्घटना में गंभीर युवक की इलाज के दौरान मौत
कोटवा। सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक की मौत इलाज के क्रम में गुरुवार की रात हो गई। दुर्घटना विगत 1 मई को कोटवा थाना के एनएच पर कदम चौक के समीप हुई थी। गंभीर रूप से घायल भोपतपुर वार्ड 4 निवासी प्रभु माझी का पुत्र दीपक कुमार (26) को पुलिस द्वारा इलाज के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेजा गया था।
घायल की गंभीर हालात को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया था। इस बीच मोतिहारी के एक निजी नर्सिंग होम में ही उसका इलाज चल रहा था । इलाज के क्रम में ही गुरुवार की रात उसकी मौत हो गई। कोटवा पुलिस द्वारा शुक्रवार को पोस्टमार्टम करा कर शव को परिजनों को सौंप दिया गया। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनो को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

