पेड़ की डाल गिरने से मजदूर की मौत,एक गंभीर,सड़क जाम
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र अंतर्गत गायघाट चौक के पास गुरुवार को पेड़ की विशाल डाल गिरने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, गायघाट चौक के समीप किसान फुलेना सिंह के दरवाजे पर मजदूर मक्का का बाल छील रहे थे। इसी दौरान पास स्थित बरगद के पेड़ की एक भारी-भरकम डाल अचानक टूटकर मजदूरों के ऊपर गिर गई। हादसे में गायघाट घटुली निवासी करीब 50 वर्षीय महेंद्र महतो की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उसका पड़ोसी प्रभु महतो गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए मोतिहारी भेजा गया है।
हैरानी की बात यह है कि यह घटना बिना किसी आंधी या तेज हवा के हुई, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। डाल गिरने से पास के एक सर्विसिंग सेंटर पर खड़ी कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, कार मालिक मुकेश सिंह, सर्विसिंग कर रहे युवक और वहां मौजूद चार महिला मजदूर मंजू देवी, सुधा देवी, सविता देवी आदि इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई। इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क किनारे लगे पुराने और जर्जर पेड़ों को हटाने की मांग को लेकर अरेराज-मोतिहारी स्टेट हाईवे को जाम कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
मौके पर बीडीओ गुलशन कुमार, सीओ अरविन्द कुमार चौधरी व थानाध्यक्ष सुनील कुमार, मुखिया बबिता कुमारी ने आक्रोषित ग्रामीणों को समझा कर जाम हटाया। सीओ ने बताया कि मृतक और घायल मजदूर के परिजनों को आपदा राहत कोष से मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे लगे पुराने पेड़ कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं, इसलिए इन्हें जल्द से जल्द हटाया जाए।

