एसएनएस विद्यापीठ लॉ कॉलेज में विधिक सहायता केंद्र की स्थापना एवं प्रथम इंट्रा मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन
मोतिहारी। एसएनएस विद्यापीठ लॉ कॉलेज, बालगंगा रघुनाथपुर, मोतिहारी द्वारा विधिक शिक्षा एवं सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए महाविद्यालय परिसर में विधिक सहायता केंद्र (लीगल एड क्लिनिक) की स्थापना की गई। इस विधिक सहायता केंद्र का उद्घाटन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायिक पदाधिकारी नितिन त्रिपाठी ने किया।
उक्त अवसर पर न्यायिक क्षेत्र, शिक्षा जगत एवं समाज के अनेक सम्मानित व्यक्तियों की उपस्थिति रही। अवसर पर न्यायिक मजिस्ट्रेट सचिन वत्स भी विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान दोनों न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को विधिक जागरूकता, संवैधानिक मूल्यों एवं पाॅक्सो एक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
अपने संबोधन में श्री त्रिपाठी ने कहा कि विधिक सहायता केंद्र समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक उत्तरदायित्व एवं न्यायिक मूल्यों के प्रति संवेदनशील रहने के लिए प्रेरित किया।
वहीं सचिन वत्स ने कहा कि कानून की जानकारी एवं विधिक जागरूकता समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए अत्यंत आवश्यक है। विधिक सहायता केंद्र के उद्घाटन के उपरांत महाविद्यालय में प्रथम इंट्रा मूट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने न्यायालयीन प्रक्रिया का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अपने विधिक ज्ञान, तार्किक क्षमता, अनुसंधान कौशल एवं वकालती शैली से सभी को प्रभावित किया। प्रतियोगिता का सफल संचालन सुप्रिया कुमारी ने किया। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। साहिल खान एवं अनुष्का ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का स्थान प्राप्त किया।
जबकि दीपा कुमारी एवं प्रियंशु कुमार उप विजेता घोषित किए गए। इसके अतिरिक्त बेस्ट स्पीकर अवार्ड साहिल खान, बेस्ट रिसर्चर अवार्ड दीपा कुमारी तथा बेस्ट मेमोरियल अवार्ड श्याम कुमार को प्रदान किया गया। विजेता एवं अन्य प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मूट कोर्ट प्रतियोगिता के समन्वयक सहायक प्रो. आदित्य द्विवेदी एवं सहायक प्रो. अभय प्रसाद रहे, जिनके मार्गदर्शन एवं प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। परिणाम घोषणा अभय प्रसाद द्वारा की गई तथा आदित्य द्विवेदी द्वारा कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का अभिनंदन एवं सम्मान किया गया।महाविद्यालय के चेयरमैन आलोक शर्मा ने सभी अतिथियों एवं न्यायिक अधिकारियों को मोमेंटो एवं बुके देकर सम्मानित किया। अंत में पवन सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

