झूठा मुकदमा करने वाले जायेंगे जेल,हथियारों के प्रदर्शन पर लगेगी लगाम
– किसी तरह के हथियार के सोशल मीडिया पर प्रदर्शन को लेकर एसपी सख्त
मोतिहारी। जिले में अब निर्दोष,बुजुर्ग या बच्चों को मुकद्दमे में नामजद करना भारी पड़ जायेगा। कानून व्यवस्था को और दुरुस्त करने तथा निर्दोषों को बेकसूर साबित करने के उद्देश्य को लेकर एसपी स्वर्ण प्रभात ने सख्त रुख अपनाया है।अक्सर यह देखा जाता है कि आपसी रंजिश या विवादों में लोग जानबूझकर दूसरे पक्ष के निर्दोष, नाबालिग बच्चों या बुजुर्गों का नाम भी केस में घसीट देते हैं।
इस प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए एसपी ने जिले के सभी एसडीपीओ, पुलिस अंचल निरीक्षकों और थाना प्रभारियों के लिए विशेष निर्देश जारी की है,और कहा है,कि एफआईआर करने से पूर्व उम्र का पूरी तरह से सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी हाल में अनावश्यक रूप से नाबालिग बच्चों या वृद्धजनों पर मुकदमा दर्ज नहीं होना चाहिए।
अगर किसी अधिकारी द्वारा इस आदेश की अनदेखी की गई, तो उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को भी यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे मुकदमों के पर्यवेक्षण के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखें कि किसी निर्दोष बच्चे या बुजुर्ग का नाम केस में न रहे।
वही सोशल मीडिया पर बढ़ते रील्स और दिखावे के चलन में हथियार का प्रयोग नहीं होगा, भले ही हथियार खिलौना ही क्यों नहीं हो। एयरगन या खिलौना वाले आर्म्स जो सोशल मीडिया पर प्रदर्शन लोग में भय उत्पन्न करता है, फलस्वरूप समाज में असहजता बढ़ती है।

