डिप्लोमा सर्टिफिकेट प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश
-23-24 मई को जिला के 15 केन्द्र पर होगी परीक्षा
मोतिहारी। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में डिप्लोमा सर्टिफिकेट प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं केंद्र अधीक्षकों की संयुक्त ब्रीफिंग संपन्न हुई।प्रतियोगिता परीक्षा- 23 एवं 24 मई को होगी।
इसके लिए जिला में कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 23 को 8105 परीक्षार्थी एवं 24 मई को 8963 परीक्षार्थी प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा में भाग लेंगे। दोनों दिन परीक्षा एकल पाली में पूर्वाह्न 11:00 से अपराह्न 1:15 तक ली जाएगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचार रहित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रतिनियुक्ति सभी मजिस्ट्रेट, सेंटर ऑब्जर्वर एवं केंद्राधीक्षकों को सभी जरूरी निर्देश दिया। निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी एवं जैमर की व्यवस्था करा लें। केंद्र अधीक्षक परीक्षा केंद्रों के सभी कक्ष में घड़ी की व्यवस्था रखेंगे और समय का मिलान कर लेंगे। परीक्षा केंद्र पर बिजली की समुचित व्यवस्था, पेयजल एवं साफ सफाई पर विशेष ध्यान रखें। प्रतिनियुक्त स्टेटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी/पुलिस बल को निर्देश दिया गया कि 6:30 बजे पूर्वाह्न तक में आवंटित परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहेंगे। परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों का प्रवेश 8
बजे पूर्वाह्न से प्रारंभ कर दिया जाएगा। परीक्षार्थियों का केंद्र के अंदर प्रवेश 10:30 बजे तक ही कराना है। परीक्षा केंद्र का प्रवेश द्वार पूर्वाह्न 10:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। जबकि परीक्षार्थियों का दो लेयर में फ्रीस्किंग का निर्देश दिया। पहला मुख्य द्वार से अंदर प्रवेश के समय एवं दूसरा परीक्षा केंद्र के अंदर फ्रीस्किंग कराई जाएगी। विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। केंद्रों पर 200 मीटर की परिधि में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा-163 के तहत संपूर्ण परीक्षा अवधि तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी। सदर अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा परीक्षा केंद्र के 200 मीटर की दूरी के अंतर्गत स्थित सभी फोटो स्टेट / साइबर कैफे की दुकान को परीक्षा की तिथि को पूर्वाह्न 8:00 बजे से परीक्षा समाप्ति तक के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

