घोड़ासहन स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग हुई तेज
-भाजपा नेता ने रेलवे प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी।
पूर्वी चंपारण। जिले के सिकरहना अनुमंडल के प्रमुख घोड़ासहन रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। पूर्व लोकसभा प्रत्याशी एवं भाजपा नेता प्रभु नारायण ने स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की।
उन्होंने कहा कि घोड़ासहन स्टेशन नेपाल सीमा से सटा एक महत्वपूर्ण व्यावसायिक एवं आवागमन केंद्र है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री यात्रा करते हैं। इसके बावजूद प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्षों से स्थानीय लोग ट्रेनों के ठहराव की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए बापूधाम मोतिहारी, मुजफ्फरपुर या रक्सौल जाना पड़ता है।
भाजपा नेता ने कर्मभूमि एक्सप्रेस, अंत्योदय एक्सप्रेस, लौकहा बाजार-आनंद विहार स्पेशल, कटरा-कामाख्या एक्सप्रेस तथा अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों के ठहराव की मांग की है।
ज्ञापन में ओवरब्रिज निर्माण, गुड्स शेड लाइटिंग, पेयजल सुविधा, सर्कुलेटिंग एरिया विकास और नई रेल लाइन निर्माण की मांग भी शामिल है। प्रभु नारायण ने चेतावनी दी कि यदि दो सप्ताह के भीतर मांगों पर विचार नहीं हुआ तो स्थानीय लोगों के साथ “घेरा डालो-डेरा डालो” आंदोलन शुरू किया जाएगा। स्टेशन अधीक्षक राम प्रवेश कुमार ने बताया कि ज्ञापन वरीय अधिकारियों को भेजा जायेगा।

