बिहार के किशनगंज में एसएसबी-पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चीन-कतर और सऊदी की करेंसी के साथ एक गिरफ्तार

बिहार के किशनगंज में एसएसबी-पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चीन-कतर और सऊदी की करेंसी के साथ एक गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

किशनगंज। बिहार में भारत-नेपाल सीमा के किशनगंज जिला अन्तर्गत गलगलिया थाना क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में ब्राउन शुगर, भारतीय एवं चीन-कतर और सऊदी की करेंसी बरामद की है।कार्रवाई के दौरान एक आरोपी चांद मोहम्मद को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इस मामले को अंतर्राष्ट्रीय नशीले पदार्थों के कारोबार से जोड़कर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर गलगलिया थाना क्षेत्र के नेंगडाडुबा गांव निवासी 48 वर्षीय चान मोहम्मद के घर पर छापेमारी की गई। यह कार्रवाई एसएसबी भातगांव, एसएसबी नेमुगुड़ी तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। छापेमारी के दौरान घर से 120 ग्राम ब्राउन शुगर, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के घर से 7 लाख 76 हजार 500 रुपये भारतीय मुद्रा तथा 1 लाख 28 हजार रुपये नेपाली मुद्रा जब्त की। इसके अलावे चीन, कतर और साउदी अरब की विदेशी करेंसी भी बरामद हुई है। इनमें कतर के 27 नोट, मलेशिया का एक नोट, चीन के 10 नोट और सऊदी अरब के 12 नोट शामिल हैं।

बरामद विदेशी मुद्रा को लेकर भी जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। गुरुवार को गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि बरामद ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। छापेमारी के बाद आरोपी चान मोहम्मद को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस संयुक्त अभियान में ठाकुरगंज अंचल निरीक्षक पंकज पंथ, गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक भूषण झा, महिला सिपाही सपना कुमारी, मनीषा कुमारी, बीएचजी तरुण कुमार, राजेंद्र गणेश और मिथुन गणेश सहित एसएसबी नेमुगुड़ी व भातगांव की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page