मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा सीआईएसएफ को दिये जाने की समीक्षा की

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दरभंगा एयरपोर्ट की सुरक्षा सीआईएसएफ को दिये जाने की समीक्षा की
Facebook WhatsApp

दरभंगा। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को दरभंगा पहुंचे, जहां उन्होंने दरभंगा हवाई अड्डे की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) जवानों को सौंपे जाने की समीक्षा की।सम्राट चौधरी ने साथ में नए एयरपोर्ट टर्मिनल और एम्स निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की।

दरभंगा पहुंचने पर सीआईएसएफ के जवानों ने मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर अपने सम्बोधन में कहा कि बिहार में जितनी एयर कनेक्टिविटी है, उससे दस गुना अधिक विस्तार करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में बिहार में 59 लाख से अधिक लोग हवाई यात्रा करते हैं, लेकिन अगले पांच वर्षों में चार से पांच करोड़ लोगों को हवाई यात्रा की सुविधा देने की तैयारी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दरभंगा को नए एयरपोर्ट टर्मिनल और एम्स निर्माण सहित कई बड़ी सौगातें दी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मिथिला और दरभंगा के विकास के लिए सड़क नेटवर्क और एयरपोर्ट निर्माण हेतु जमीन उपलब्ध कराने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य किए।

एम्स दरभंगा परियोजना की समीक्षा भी इस दौरे का अहम हिस्सा रही। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग और निर्माण एजेंसियों से निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट मांगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सिर्फ दरभंगा ही नहीं बल्कि पूरे मिथिलांचल और उत्तर बिहार के लिए महत्वपूर्ण है। सरकार चाहती है कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही मिलें ताकि इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम हो।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गुणवत्ता और समय सीमा दोनों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में तकनीकी अड़चनों को जल्द दूर किया जाए। समीक्षा बैठक में सड़क, कनेक्टिविटी और आसपास के बुनियादी ढांचे को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि कई परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।

दरभंगा में गुरुवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का दौरा कई मायनों में अहम माना गया। मुख्यमंत्री सुबह दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचे, जहां भाजपा और जदयूू नेताओं ने पारंपरिक मिथिला शैली में उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था, नए टर्मिनल भवन और एम्स निर्माण कार्य की समीक्षा इस दौरे का मुख्य उद्देश्य रहा। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर, विधायक डॉ. मुरारी मोहन और जदयू नेता संजय झा मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से जानकारी ली।

दरभंगा एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री के पहुंचते ही पारंपरिक पाग, चादर और मखाने की माला से उनका अभिनंदन किया गया। एयरपोर्ट परिसर में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। स्वागत कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सीधे एयरपोर्ट के सुरक्षा क्षेत्र में पहुंचे और वहां की मौजूदा व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की जानकारी दी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page