बुजुर्ग राशन कार्डधारकों को घर तक राशन पहुंचाने की तैयारी : अशोक चौधरी
पटना। बिहार में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री अशोक चौधरी ने शुक्रवार सुबह विभाग पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं और कार्यों की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत करते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग राज्य के करोड़ों लोगों के जीवन से सीधे जुड़ा हुआ विभाग है। उन्होंने बताया कि बिहार में राशन कार्ड के लाभार्थियों की संख्या 8 करोड़ से अधिक है और सरकार का प्रयास है कि सभी जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचे।
मंत्री ने कहा कि विभाग आगामी दिनों में 80 वर्ष से अधिक आयु वाले राशन कार्डधारक बुजुर्गों को उनके घर तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था लागू करने की दिशा में काम करेगा। बुजुर्गों को राशन लेने के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए विशेष योजना तैयार की जाएगी।
अशोक चौधरी ने यह भी कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र और जरूरतमंद परिवार राशन कार्ड योजना से वंचित न रहे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विभाग उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य करता रहेगा।
इस अवसर पर विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

