ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर साइबर फ्राॅडो ने की 10 लाख 90 हजार की ठगी
मोतिहारी। साइबर बदमाशों ने आनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर मोतिहारी निवासी एक व्यक्ति से लाखों की ठगी कर ली है। इस घटना को लेकर पीड़ित बंजरिया थाना क्षेत्र के चिलवनिया निवासी लोकेश्वर कुमार पाण्डेय ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज करायी है।
उन्होंने पुलिस को बताया है कि कुछ दिन पूर्व अज्ञात लोगों ने उसने व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया। कहा कि ग्लोबिक्स वाल्ट नामक आनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफार्म पर निवेश करने पर भारी मुनाफा होगा।इन लोगो ने मुनाफा का झांसा देकर शुरूआत में कम निवेश पर बेहतर रिटर्न दिला कर मेरा विश्वास जीत लिया। उसके बाद ठगों ने कमीशन और निवेश के नाम पर अलग-अलग खातों व यूपीआई में पैसे ट्रांसफर करवाना शुरू कर दिया।
पीड़ित ने आगे बताया है कि धीरे-धीरे कर बदमाशों ने लगभग 10 लाख 90 हजार रुपये ले लिए।लेकिन जब उन्होने निवेश की गयी रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने टैक्स व अतिरिक्त कमीशन के नाम पर और पैसे मांगने शुरू कर दिए। संदेह होने पर पीड़ित लोकेश्वर ने अपनी रकम वापस मांगी, जिसके बाद साइबर बदमाशों ने उनसे संपर्क खत्म कर लिया।
घटना को लेकर उन्होंने पहले साइबर पोर्टल पर शिकायत की, उसके बाद साइबर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। साइबर डीएसपी अभिनव पराशर ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गयी है।

