छपरा-सीवान हाईवे पर सड़क हादसे में तीन की मौत,आधा दर्जन से अधिक घायल

छपरा-सीवान हाईवे पर सड़क हादसे में तीन की मौत,आधा दर्जन से अधिक घायल
Facebook WhatsApp

सारण। छपरा-सीवान एनएच पर दाउदपुर थाना क्षेत्र के बनवार फ्लाईओवर के समीप सुबह-सुबह एक अनियंत्रित ट्रक और पिकअप वैन के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में पिकअप सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।जानकारी के अनुसार पिकअप वैन में आर्केस्ट्रा पार्टी के कलाकार सवार थे जो रसूलपुर से खैरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बनवार फ्लाईओवर के पास ट्रक और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि पिकअप पर दो बाराती भी सवार थे जो इस हादसे का शिकार हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पिकअप से बाहर निकाला। घायलों को एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर किए जाने की खबर है।

हादसे में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लोहड़ी गांव निवासी मुन्ना मांझी के 20 वर्षीय पुत्र संजीत कुमार मांझी तथा उसी गांव के ललन मांझी के 18 वर्षीय पुत्र जितेंद्र मांझी की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, एक महिला कलाकार की भी जान चली गई, जिसकी पहचान पश्चिम बंगाल निवासी सोनाथ कुमारी के रूप में की गई है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई तथा स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घायलों में खैरा बाजार निवासी जया कुमारी (30), चैनपुर निवासी पिंकी कुमारी (20), अल्पना मंडल (29), लघु कुमार (35), मनु राय (30), विक्की राय (20), मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कामेश्वर मांझी के 28 वर्षीय पुत्र अनुज कुमार तथा गड़खा थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव निवासी मनोज शर्मा के 22 वर्षीय पुत्र कालू कुमार आदि शामिल हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page