मोतिहारी गांधी मैदान में स्थायी पुलिस चौकी की होगी स्थापना,सीसीटीवी लैश होगा गांधी मैदान
मोतिहारी। गांधी मैदान में आगामी सोमवार से एक स्थायी पुलिस चौकी की स्थापना की जा रही है। इस का उद्देश्य गांधी मैदान में प्रतिदिन आने वाले बड़ी संख्या में नागरिकों, खेल आयोजनों में सम्मिलित होने वाले प्रतिभागियों एवं सामान्य जनजीवन की सुरक्षा को सुदृढ़ करना है। मैदान में भारी संख्या में आवागमन को दृष्टिगत रखते हुए यह कदम दीर्घकालीन सुरक्षा नियोजन के तहत उठाया गया है।
स्थापित की जाने वाली पुलिस चौकी गांधी मैदान के पुलिस लाइन वाली साइड गेट के निकट अवस्थित होगी। यहां से मैदान के समस्त प्रवेश एवं निकास द्वारों पर प्रभावी निगरानी संभव होगी। पुलिस चौकी के माध्यम से गांधी मैदान के सभी गेट्स का समन्वित प्रबंधन एवं सुरक्षा नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस चौकी में गांधी मैदान को आच्छादित करते हुए सीसीटीवी कैमरा एवं केंद्रीकृत उद्घोषणा प्रणाली स्थापित की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मैदान परिसर में चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित होगी तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पहचान एवं कार्रवाई संभव हो सकेगी।
केंद्रीकृत उद्घोषणा प्रणाली के द्वारा आपातकालीन सूचनाएं, भीड़ नियंत्रण संबंधी निर्देश एवं जन-सूचनाएं तत्काल एवं प्रभावी रूप से प्रसारित की जा सकेंगी। चौकी पर स्थायी बल की तैनाती की जाएगी, जो नियमित रूप से परिसर में गश्त, गेट प्रबंधन एवं नागरिकों की सहायता के लिए उपलब्ध रहेगा।
इससे न केवल कानून व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि किसी दुर्घटना अथवा आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया भी सुनिश्चित होगी। नागरिकों की शिकायतों एवं तत्कालिक समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस बल सदैव तत्पर रहेगा।

