अपर सचिव ने आंगनबाड़ी क्रेच, निर्माणाधीन ‘वन स्टॉप सेंटर’ एवं पर्यवेक्षण गृह का निरीक्षण किया

अपर सचिव ने आंगनबाड़ी क्रेच, निर्माणाधीन ‘वन स्टॉप सेंटर’ एवं पर्यवेक्षण गृह का निरीक्षण किया
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, के अपर सचिव एवं वित्तीय सलाहकार नीतीश्वर कुमार ने पूर्वी चंपारण जिले का निरीक्षण किया।उन्होंने जिले में संचालित महिला एवं बाल कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का गहन मूल्यांकन करते हुए संबंधित आधारभूत संरचनाओं का स्थल निरीक्षण किया। इस क्रम में आंगनबाड़ी क्रेच-सह-पालना घर का निरीक्षण किया तथा इस पहल को अत्यंत सराहनीय एवं दूरदर्शी बताया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा विशेषकर असंगठित क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं के लिए एक सशक्त संबल के रूप में उभर रही है। इन केंद्रों के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं स्नेहपूर्ण परिवेश उपलब्ध कराया जा रहा है, जहां उनके समुचित पोषण, खेल-आधारित शिक्षण तथा प्रारंभिक देखभाल पर विशेष बल दिया जा रहा है। इससे कामकाजी माताओं को मानसिक संतोष एवं कार्य में एकाग्रता सुनिश्चित हो रही है।

अपर सचिव ने निर्माणाधीन ‘वन स्टॉप सेंटर’ भवन के निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। अपर सचिव ने रेखांकित किया कि इस केंद्र के पूर्ण रूप से संचालित होने पर पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे कानूनी, चिकित्सीय तथा मनो-सामाजिक परामर्श सेवाएं उपलब्ध होंगी। पर्यवेक्षण गृह के भ्रमण के दौरान उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं, प्रबंधन व्यवस्था तथा बच्चों के कल्याण हेतु संचालित कार्यक्रमों का विस्तृत निरीक्षण किया।अपने दौरे के दौरान अपर सचिव आवासीय व्यवस्था, स्वच्छता, रसोईघर, स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन किया।

उन्होंने प्रेक्षण गृह में रह रहे बच्चों एवं वहां कार्यरत कर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं जीवन-स्तर के बारे में जानकारी प्राप्त की। दौरे के क्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों ने गीत प्रस्तुत किए तथा हारमोनियम वादन किया। अपर सचिव ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके आत्मविश्वास एवं प्रतिभा को प्रोत्साहित किया। दौरे के दौरान वरीय परामर्शी, महिला एवं बाल विकास निगम श्री सुमित सौरभ, वरीय उप समाहर्ता निधि कुमारी, सहायक निदेशक बाल संरक्षण ईकाई अक्षय कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक, जिला मिशन समन्वयक एवं विभागीय प्रतिनिधि उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page