हरसिद्धि में एसआईएस लिमिटेड के जॉब कैंप में 42 युवाओं का हुआ चयन
हरसिद्धि। प्रखंड परिसर में बुधवार को सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंट सर्विसेज लिमिटेड (एसआईएस) द्वारा रोजगार सृजन को लेकर जॉब कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में जिले के नियोजन पदाधिकारी की देखरेख में कुल 42 युवाओं का चयन किया गया, जिससे क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं में खासा उत्साह देखा गया।
चयन प्रक्रिया के दौरान विभिन्न पदों के लिए युवाओं का रजिस्ट्रेशन किया गया, जिसमें एसजी के 26, एसएलसी के 06, एसएस के 03, एसआईटी के 05 तथा जीटीओ के 02 अभ्यर्थी शामिल रहे। सभी चयनित युवाओं का दस्तावेज सत्यापन एवं प्रारंभिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
इस अवसर पर कंपनी के इंस्पेक्टर राहुल कुमार तिवारी ने बताया कि एसआईएस लिमिटेड सुरक्षा सेवाओं के क्षेत्र में एशिया की एक अग्रणी बहुराष्ट्रीय कंपनी है। उन्होंने कहा कि यह कंपनी देश में रोजगार उपलब्ध कराने के मामले में चौथे स्थान पर आती है, जो युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर प्रदान करती है। उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान समय में कंपनी में लगभग चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी कार्यरत हैं। साथ ही कंपनी का सालाना कारोबार 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक है, जो इसकी मजबूत आर्थिक स्थिति और विश्वसनीयता को दर्शाता है।
जॉब कैंप के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय युवक उपस्थित हुए और रोजगार पाने के लिए अपनी भागीदारी दर्ज कराई। चयनित युवाओं में खुशी का माहौल देखने को मिला, वहीं अन्य अभ्यर्थियों को भी भविष्य में ऐसे अवसरों के लिए प्रेरित किया गया। स्थानीय लोगों ने इस तरह के रोजगार कैंप को क्षेत्र के लिए लाभकारी बताते हुए प्रशासन और कंपनी के प्रयासों की सराहना की है।

