बिहार मतदाता बिशेष गहन पुनरीक्षण के बाद चुनाव आयोग ने जारी की अंतिम मतदाता सूची
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अंतिम मतदाता सूची मंगलवार को जारी कर दी। आयोग के अनुसार प्रकाशित अंतिम सूची में लगभग 7.42 करोड़ मतदाता शामिल हैं।संशोधित सूची चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं की सूची में राज्य के सात करोड़ 41 लाख 92 हजार 357 योग्य मतदाताओं के नाम सम्मिलित हैं।इसमें तीन करोड़ 92 लाख सात हजार पुरुष और तीन करोड़ 49 लाख 82 हजार 828 महिलाएं हैं। 1725 थर्ड जेंडर के मतदाता हैं। विशेष श्रेणी में 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या चार लाख तीन हजार 985 है। अंतिम सूची में पहली बार 18-19 वर्ष के नए 14 लाख एक हजार 150 मतदाताओं के नाम सम्मिलित किए गए हैं।दिव्यांग मतदाताओं की संख्या सात लाख 20 हजार 709 है। आयोग द्वारा बताया गया है कि 24 जून को एसआइआर के समय से लेकर अंतिम मतदाता सूची तक कुल 69 लाख 30 हजार 817 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए। इसमें एसआइआर और दावा-आपत्ति के माध्यम दोनों आंकड़े सम्मिलित हैं।
इधर एसआइआर के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची में कुल 21 लाख 53 हजार 343 नए मतदाताओं के नाम सूची में सम्मिलित किए गए हैं। एसआइआर आरंभ होने के पहले मतदाता सूची में कुल सात करोड़ 89 लाख 69 हजार 844 मतदाताओं के नाम सम्मिलित थे।जिसमे से 3.66 लाख अयोग्य मतदाताओं के नाम हटाए गए और 21.53 लाख योग्य मतदाता जोड़े गए। अंतिम सूची में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 7.42 करोड़ हो गई।
आयोग ने कहा है कि अंतिम सूची की भौतिक और डिजिटल प्रतियां राजनीतिक दलों के साथ साझा की जा रही हैं। कोई भी मतदाता इसे ऑनलाइन देख सकता है। इसके अतिरिक्त अंतिम सूची में नाम को लेकर आपत्ति दंडाधिकारी के समक्ष प्रथम अपील और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष द्वितीय अपील दायर कर सकते हैं। आयोग ने कहा कि यह अभ्यास संविधान के अनुच्छेद 326 और आयोग की मूल भावना “कोई भी योग्य मतदाता वंचित न रहे और कोई भी अयोग्य व्यक्ति सूची में न रहे” के अनुरूप किया गया।
चुनाव आयोग ने आज इस संबंध में वेबसाइट लिंक जारी किया है जिसमें कोई भी मतदाता मतदाता सूची में अपने नाम का विवरण देख सकता है। लिंक (https://voters.eci.gov.in/) है। उल्लेखनीय है कि आयोग ने बिहार विधानसभा चुनावों से पहले मतदाता सूची अपडेट करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया था। इसके तहत आयोग ने घर-घर जाकर मतदाताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की थी। इसके बाद एक अगस्त को मसौदा मतदाता सूची जारी की गई थी। आज अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद प्रक्रिया पूरी हो गयी है।

