डीएम ने महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के पुस्तकालय का अवलोकन किया
-50 प्राचीन पाण्डुलिपियों का सफलतापूर्वक किया गया डिजिटलीकरण
मोतिहारी। जिला प्रशासन की ओर से महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के पुस्तकालय का अवलोकन किया गया। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित ‘ज्ञान भारतम्’ अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय पाण्डुलिपि प्रलेखन अभियान से प्रेरित होकर जिलाधिकारी ने उक्त कार्य किया।

जिसका उद्देश्य भारत की प्राचीन पाण्डुलिपियों एवं हस्तलिखित ग्रंथों का संरक्षण एवं डिजिटलीकरण सुनिश्चित कराना है। विश्वविद्यालय पुस्तकालय में उपलब्ध दुर्लभ एवं ऐतिहासिक महत्व की पाण्डुलिपियों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों ने इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं जनहित में उपयोगी पाया। इस अवसर पर डीएम ने पुस्तकालय में संग्रहीत 50 प्राचीन पाण्डुलिपियों का सफलतापूर्वक डिजिटलीकरण कराया।
यह डिजिटलीकरण कार्य न केवल इन अमूल्य धरोहरों को सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, अपितु इससे भावी पीढ़ियों एवं शोधार्थियों को भी इन ग्रंथों तक सरलता से पहुंच प्राप्त हो सकेगी।
जिला प्रशासन, ने आम जनता, पुस्तकालयों, मंदिरों, निजी एवं धार्मिक संस्थाओं से अपील की है कि यदि उनके पास कोई प्राचीन पाण्डुलिपि अथवा हस्तलिखित ग्रंथ उपलब्ध है, तो वे ज्ञान भारतम् ऐप पर डाउनलोड करके अथवा जिला प्रशासन से संपर्क कर उनकी सूचीकरण एवं संरक्षण में सहयोग प्रदान करें। यह अभियान भारत की सांस्कृतिक विरासत को संजोने का एक सार्थक प्रयास है।

