पूर्वो चम्पारण में हवाई मार्ग तैयार करने की दिशा में प्रशासन तत्पर
-डीएम ने एयरस्ट्रिप बनाने का प्रस्ताव विभाग को भेजा
–
पूर्वी चम्पारण। जिला में मेडिकल एवं अन्य उद्देश्यों के लिए एयरस्ट्रिप बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने सरकार के निर्देशानुसार प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेज दिया है।
इस रिपोर्ट में प्रस्तावित स्थल की सटीक भौगोलिक स्थिति, जमीन के खेसरा नंबरों सहित राजस्व मानचित्र, स्थल का विस्तृत नक्शा एवं माप, भारतीय सर्वेक्षण विभाग का आधिकारिक मानचित्र तथा पिछले दस वर्षों के मौसम संबंधी आंकड़े एवं हवा की दिशा का विश्लेषण शामिल है।
महज एक अंतिम रिपोर्ट का एक हिस्सा, जमीन की ऊंचाई-गहराई दर्शाने वाला कंटूर मानचित्र अभी तैयार किया जा रहा है। इसे अगले दो दिन में शीघ्र ही भेजकर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। जानकारी डीएम के हवाले से डीपीआरओ ने दी है। बताया गया है कि एयरस्ट्रिप पूर्वी चम्पारण के लिए एक ऐतिहासिक परियोजना है, जो इस क्षेत्र को हवाई संपर्क से जोड़ेगी और यहां के मेडिकल आपातकाल एवं अन्य उद्देश्यों को पूर्ण करेगी। जिला प्रशासन इस परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

