कृषि विभाग 80 प्रतिशत अनुदान पर किसानों को दे रहा है मक्का बीज
-कृषि अधिकारियो के देख रेख मे गायघाट के बीआरबीएन के डीलर के यहाँ हो रहा है बीज का वितरण
हरसिद्धि। कृषि विभाग द्वारा किसानों की आय बढ़ाने और मक्का की खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अनुदानित दर पर मक्का बीज का वितरण किया जा रहा है। इसी क्रम में गायघाट चौक स्थित बीआरबीएन के अधिकृत डीलर मेसर्स शिव शक्ति खाद-बीज भंडार पर किसानों को सब्सिडी दर पर मक्का का बीज उपलब्ध कराया जा रहा है।
यहां से बीज प्राप्त कर किसान काफी प्रसन्न नजर आ रहे हैं और सरकार की इस पहल की सराहना कर रहे हैं। हरपुर राय पंचायत के अहिरगवा गांव निवासी किसान राहुल कुमार तिवारी ने बताया कि सरकार किसानों की आमदनी दोगुनी करने के उद्देश्य से 80 प्रतिशत अनुदान पर बीज उपलब्ध करा रही है। इससे हम किसानों को आर्थिक रूप से मजबूती मिल रही है और खेती की लागत भी काफी कम हो रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की योजनाएं किसानों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रही हैं। बीज वितरण कार्य कृषि विभाग के अधिकारियों की निगरानी में किया जा रहा है।
इस दौरान एटीएम अंकित कुमार निराला तथा ओलाहा मेहता टोला के किसान सलाहकार ठाकुर जयराम सिंह मौजूद रहे। उन्होंने किसानों को बीज देने के साथ-साथ वैज्ञानिक तरीके से मक्का की बुवाई, उचित दूरी, खाद और सिंचाई के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी, ताकि किसानों को बेहतर उत्पादन मिल सके।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी राघो प्रसाद ने बताया कि प्रखंड में कुल 11.36 क्विंटल मक्का बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि बीज का वितरण “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि किसान ऑनलाइन माध्यम से भी बीज की मांग दर्ज कर सकते हैं और अनुदानित दर पर बीज प्राप्त कर सकते हैं। विभाग का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक किसान मक्का की उन्नत खेती अपनाएं, जिससे उनकी आमदनी में वृद्धि हो और कृषि क्षेत्र में विकास को गति मिले। मौके पर डॉ सुरेश दास, बिहारी प्रसाद सहित अन्य थे।

