6 दिसंबर को मिस्कॉट सत्याग्रह पॉइंट पर होगा सेनानियों के नाम राष्ट्रीय मासिक कार्यक्रम का आयोजन
– छतौनी में प्रदेश युवा कार्यालय का भी होगा उद्घाटन
मोतिहारी। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति का दिसंबर माह का राष्ट्रीय मासिक कार्यक्रम 6 दिसंबर को मिसकॉट मोहल्ला स्थित सत्याग्रह पॉइंट पर आयोजित होगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10 बजे, 10 मिनट स्वतंत्रता सेनानियों के नाम अभियान के तहत होगी, जो महान स्वतंत्रता सेनानी रामदयाल प्रसाद शाह को समर्पित किया जायेगा।
इस अवसर पर ‘स्वतंत्रता संग्राम में चंपारण के सेनानियों की भूमिका’ विषय पर विचार संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। वहीं छतौनी स्थित डॉ. चंदन जायसवाल के आवास पर समिति के प्रदेश युवा कार्यालय का उद्घाटन भी किया जाएगा। उक्त निर्णय रविवार को छतौनी स्थित डॉ. चंदन जायसवाल के आवास पर स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति की जिला कमेटी की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता पूर्व प्राचार्य शशि कला कुमारी ने की।
बैठक में चार प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जिसमें दिसंबर माह के दौरान जिले में सदस्यता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा उनके उत्तराधिकारियों को संगठित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में मुख्य रूप से समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक वर्मा, जिलाध्यक्ष कौशल किशोर पाठक, संरक्षक प्रो. विजय शंकर पांडेय, कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमारी गुप्ता, महासचिव उमेश सिंह, सुनील कुमार जायसवाल, संरक्षक प्रो. खुशनंदन सिंह एवं वरिष्ठ सदस्य संजीव शाह सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

