पीपराकोठी अवस्थित 17 एकड़ 30 डिसमिल भूमि को लेकर उठाए गए सवाल पर प्रशासन ने प्रस्तुत किया वास्तविक स्थिति
-न्यायालय के आदेश का हवाला देकर कानून संवत् कारवाई का भरोसा दिलाया
मोतिहारी। जिले के पिपराकोठी अंचल में पर्यटन विभाग की प्रस्तावित योजना एवं भूमि विवाद के संबंध में सोशल मीडिया पर प्रसारित आरोपों के संदर्भ में जिला प्रशासन द्वारा वस्तुस्थिति स्पष्ट की गई।
मौजा पिपराकोठी, थाना संख्या-210, खाता संख्या-156, खेसरा संख्या-507 की भूमि का कुल खतियानी रकबा 17 एकड़ 30 डिसमिल है। राजस्व अभिलेखों के अनुसार उक्त खेसरे में विभिन्न व्यक्तियों के नाम अलग-अलग जमाबंदियाँ संचालित थीं। इस संबंध में जमाबंदी रद्दीकरण वाद संख्या-242/2025-26 में अपर समाहर्ता, पूर्वी चम्पारण द्वारा दिनांक 29.05.2026 को शेख अब्दुल सत्तार सहित आठ जमाबंदीधारियों की जमाबंदियाँ राजस्व अभिलेखों एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रद्द की गई हैं। उक्त भूमि पर्यटन विभाग को हस्तांतरित की जा चुकी है तथा इसी भूमि पर पर्यटन विभाग की झील संरक्षण योजना संचालित है।
उक्त जमाबंदी रद्दीकरण आदेश के विरुद्ध पटना उच्च न्यायालय में दायर सीडब्लूजेसी संख्या-9635/2026 में 31.08.2026 को पारित आदेश द्वारा याचिकाकर्ताओं को जिलाधिकारी के समक्ष अपील प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है तथा अपील प्रस्तुत किए जाने पर 31.12.2026 तक उसका निष्पादन का निर्देश दिया गया है। न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस बीच होने वाला कोई भी विकास कार्य संबंधित प्राधिकारी द्वारा पारित अंतिम आदेश के परिणाम के अधीन रहेगा। उक्त न्यायिक आदेश में जमाबंदी रद्दीकरण आदेश को निरस्त नहीं किया गया है और न ही विकास कार्यों पर कोई स्पष्ट अंतरिम रोक लगाई गई है।
उक्त खेसरा की अन्य भूमि के संबंध में बच्चा प्रसाद राय एवं अन्य व्यक्तियों की जमाबंदी संख्या-389, 390 एवं 391 को रद्द करने हेतु पृथक जमाबंदी रद्दीकरण वाद संख्या-50/2026-27 अपर समाहर्ता के न्यायालय में विचाराधीन है। उक्त मामले में पटना उच्च न्यायालय द्वारा सीडब्लूजेसी संख्या-10679/2026 में 24.07.2026 को पारित आदेश में अपर समाहर्ता द्वारा अंतिम निर्णय लिए जाने तक संबंधित भूमि की विद्यमान यथास्थिति बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की गई है। जिला प्रशासन उक्त आदेश का सम्मान करती है।
उल्लेखनीय है कि दोनों मामलों में संबंधित जमाबंदी संख्याएं, जमाबंदीधारी एवं उनके रकबे अलग-अलग हैं। यह भी स्पष्ट किया जाता है कि प्रखंड विकास पदाधिकारी, पिपराकोठी द्वारा सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई सूचना ग्राम पंचायत राज की योजनाओं से संबंधित है। इसका पर्यटन विभाग की झील संरक्षण योजना से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है। नतीजतन उक्त सूचना के आधार पर पर्यटन विभाग की योजना के संबंध में निष्कर्ष निकालना तथ्यात्मक रूप से उचित नहीं है। जिला प्रशासन सभी कार्य राजस्व अभिलेखों, प्रचलित विधिक प्रावधानों एवं न्यायालय के आदेशों के अनुरूप किए जा रहे हैं। किसी भी व्यक्ति के वैधानिक अधिकारों का उल्लंघन अथवा न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने का कोई प्रश्न नहीं है।

