सड़क हादसे में 9 वर्षीय मासूम की मौत,इलाके में शोक की लहर
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र में शुक्रवार की संध्या एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। घटना अरेराज-मोतिहारी मुख्य मार्ग पर मटियरिया कांटा के समीप हुई, जहां अज्ञात वाहन की ठोकर से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तुरंत इलाज के लिए मोतिहारी ले जाया गया, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रोशन कुमार (9 वर्ष), पिता दिनेश पटेल, निवासी ग्राम सिसवा, थाना मलाही सिरनी के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि रोशन अपनी बहन के यहां मटियरिया में आयोजित अष्टयाम कार्यक्रम में शामिल होने आया हुआ था। इसी दौरान वह सड़क हादसे का शिकार हो गया।
अपर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार सुबह परिजन हरसिद्धि थाना पहुंचे, जहां उनके आवेदन पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

